पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन-जन की सरकार,जन-जन के द्वार के संकल्प के अनुरूप संचालित सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला खेल विभाग की ओर से पौड़ी स्थित राइफलमैन जसवंत सिंह रावत स्टेडियम में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान स्टेडियम परिसर सहित आसपास के क्षेत्रों में व्यापक साफ-सफाई की गई और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने का संदेश दिया गया। स्वच्छता अभियान के दौरान खेल विभाग के अधिकारियों,कर्मचारियों एवं प्रशिक्षकों ने स्टेडियम परिसर में मौजूद कूड़े-कचरे एवं अन्य अवांछित सामग्री को हटाकर परिसर को साफ-सुथरा बनाने में सहभागिता की। अभियान का उद्देश्य केवल स्टेडियम परिसर की सफाई तक सीमित न रहकर खिलाड़ियों और आमजन में स्वच्छता के प्रति जागरूकता,जिम्मेदारी और सामूहिक सहभागिता की भावना को मजबूत करना रहा। इस अवसर पर जिला खेल अधिकारी प्रदीप कुमार ने कहा कि खेल मैदान और स्टेडियम युवाओं की प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ उनके स्वस्थ एवं सकारात्मक व्यक्तित्व निर्माण के महत्वपूर्ण केंद्र हैं। ऐसे स्थानों का स्वच्छ,सुरक्षित और व्यवस्थित रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक खेल परिसरों की स्वच्छता केवल किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है,बल्कि इसमें खिलाड़ियों,प्रशिक्षकों,कर्मचारियों और आम नागरिकों की भी समान भागीदारी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। जब प्रत्येक व्यक्ति अपने आसपास के सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी स्वयं महसूस करेगा,तभी स्वच्छता अभियान स्थायी जनअभियान का रूप ले सकेगा। जिला खेल अधिकारी ने खेल विभाग के कार्मिकों एवं खिलाड़ियों से स्टेडियम परिसर की स्वच्छता बनाए रखने के साथ ही अपने परिवार,मित्रों और आसपास के लोगों को भी सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ खेल परिसर खिलाड़ियों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के साथ ही समाज में सकारात्मक संदेश भी देता है। स्वच्छ मैदान,स्वस्थ खिलाड़ी और जागरूक समाज की भावना को मजबूत करना ही ऐसे अभियानों का व्यापक उद्देश्य है। सफाई अभियान में खेल विभाग के कोच,अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। अभियान के दौरान सभी ने स्टेडियम परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने का संकल्प भी लिया।








