खटीमाउधम सिंह नगर जनपद के सीमांत खटीमा विधानसभा क्षेत्र में संपन्न हुए उद्योग व्यापार मंडल चुनाव की मतगणना के दौरान शुक्रवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच तनाव बढ़ गया। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि खटीमा के उप जिलाधिकारी तुषार सैनी को स्वयं हाथ में डंडा लेकर उपद्रव कर रहे समर्थकों को शांत कराना पड़ा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अपने प्रत्याशी को हारता देख कुछ नेताओं एवं समर्थकों ने मतगणना स्थल पर हंगामा शुरू कर दिया। देखते ही देखते अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिसके चलते मौके पर मौजूद प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने मतगणना को अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया। शेष बची तीन मतपेटियों को मतगणना स्थल के एक कमरे में रखकर सील कर दिया गया।
मतपेटियों की सुरक्षा को लेकर प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच पहरा देने पर सहमति बनी। जानकारी के अनुसार अध्यक्ष एवं मंत्री पद के प्रत्याशियों की मतगणना अभी शेष है, जबकि कोषाध्यक्ष पद की मतगणना पूरी हो चुकी है। इसी के बाद एक पक्ष के समर्थकों ने विरोध शुरू कर दिया, जिससे माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया।
स्थिति बिगड़ने पर एसडीएम तुषार सैनी को स्वयं हस्तक्षेप करना पड़ा और हाथ में डंडा लेकर उपद्रवियों को शांत कराया। घटना से नाराज समर्थकों ने नगर के मुख्य चौक पर एकत्र होकर जमकर नारेबाजी भी की।
वर्तमान में तनावपूर्ण हालात को देखते हुए मतगणना स्थल के साथ-साथ नगर के प्रमुख मार्गों पर प्रशासन द्वारा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था तैनात कर दी गई है। वहीं इस पूरे प्रकरण को लेकर भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के नेताओं के बीच एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी जारी है।








