किच्छा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत एन.एच.-09 से जुड़े चुकटी से पनचक्की मार्ग (कुल लंबाई 2.050 किमी) के हॉटमिक्स द्वारा सुदृढ़ीकरण एवं निर्माण कार्य हेतु ₹242.98 लाख की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्राप्त हो गई है। यह महत्वपूर्ण स्वीकृति विधायक तिलक राज बेहड़ के निरंतर प्रयासों और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम है।विधायक बेहड़ ने प्रेस को जारी अपने बयान में कहा कि यह मार्ग लंबे समय से जर्जर अवस्था में था, जिससे क्षेत्रवासियों, किसानों, व्यापारियों, विद्यार्थियों एवं दैनिक यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा था। बरसात के मौसम में स्थिति और भी खराब हो जाती थी, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी। अब इस मार्ग के हॉटमिक्स निर्माण से सड़क मजबूत, सुरक्षित और टिकाऊ बनेगी।
उन्होंने कहा कि इस सड़क के निर्माण से न केवल आवागमन सुगम और तेज होगा, बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी। कृषि उत्पादों को मंडियों तक पहुंचाने में आसानी होगी, स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा तथा क्षेत्र में समग्र आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
विधायक बेहड़ ने कहा कि किच्छा विधानसभा क्षेत्र में आधारभूत संरचना को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता में शामिल है। वे लगातार सड़कों, पुलों और अन्य जनसुविधाओं के विकास के लिए प्रयासरत हैं, ताकि क्षेत्र का संतुलित और समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने इस स्वीकृति के लिए प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा लोक निर्माण विभाग मंत्री सतपाल महाराज का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार के सहयोग से किच्छा क्षेत्र में विकास कार्यों को निरंतर गति मिल रही है।विधायक ने भरोसा दिलाया कि निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कर गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयावधि में पूर्ण कराया जाएगा, ताकि क्षेत्र की जनता को जल्द से जल्द इसका प्रत्यक्ष लाभ मिल सके।








