मानपुर ओझा स्थित अशोक नगर सूरजफार्म में आयोजित अखंड महानाम संकीर्तन में कीर्तन मंडलियों ने भजनों और संकीर्तन के माध्यम से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया

रूद्रपुर ।  संकीर्तन के दौरान पूरा परिसर भक्तिमय माहौल में डूबा रहा। श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से संकीर्तन में भाग लिया और भगवान का स्मरण किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल भी कार्यक्रम में पहुंचे और संकीर्तन में शामिल होकर आशीर्वाद लिया। आयोजकों ने उन्हें अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान ठुकराल ने कहा कि अखंड महानाम संकीर्तन जैसे धार्मिक आयोजन हमारी संस्कृति और परंपराओं को जीवित रखने के साथ समाज में आध्यात्मिक चेतना का संचार करते हैं। ऐसे आयोजनों से लोगों को एक साथ बैठकर प्रभु का स्मरण करने और भक्ति के मार्ग पर चलने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने आयोजन के लिए आयोजकों को शुभकामनाएं दीं।