श्रीनगर गढ़वाल। विश्व रोगाणुरोधी प्रतिरोध जागरूकता सप्ताह 18 से 24 नवंबर के तहत बुधवार को वीर चंद्र सिंह गढ़वाली राजकीय आयुर्विज्ञान एवं शोध संस्थान (वीसीएसजी मेडिकल कॉलेज। श्रीनगर में सतत चिकित्सा शिक्षा सीएमई कार्यक्रम आयोजित किया गया। संस्थान के सूक्ष्मजीव विज्ञान विभाग के सेंटिनल निगरानी केंद्र की ओर से राष्ट्रीय एक स्वास्थ्य कार्यक्रम के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने एंटीबायोटिक दवाओं के बढ़ते अनावश्यक उपयोग और उनसे उत्पन्न हो रहे रोगाणुरोधी प्रतिरोध (एएमआर) के खतरे पर मंथन किया। इस वर्ष जागरूकता सप्ताह की थीम एक स्वास्थ्य,एक कदम-एएमआर की रोकथाम आज ही करें’ रखी गई है। मेडिकल कॉलेज के प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अभिनंदन के साथ हुआ। संस्थान के प्राचार्य डॉ.सीएमएस रावत ने स्वागत संबोधन करते हुए कहा कि रोगाणुरोधी प्रतिरोध एक ऐसा गंभीर खतरा है,जो धीरे-धीरे बढ़ रहा है और पूरी दुनिया की स्वास्थ्य व्यवस्था के सामने चुनौती बनता जा रहा है। एंटीबायोटिक दवाओं की खोज ने चिकित्सा क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव किए हैं। इनके कारण गंभीर संक्रमणों का उपचार,जटिल शल्य चिकित्सा,कैंसर का इलाज,अंग प्रत्यारोपण और नवजात शिशुओं की देखभाल संभव हो पाई है,लेकिन इन दवाओं के अनावश्यक एवं अनुचित इस्तेमाल से इनकी प्रभावशीलता लगातार कम हो रही है। डॉ.रावत ने कहा कि वर्ष 2021 में दुनिया भर में दवा प्रतिरोधी जीवाणु संक्रमणों के कारण 10 लाख से अधिक लोगों की प्रत्यक्ष मृत्यु हुई,जबकि लगभग 50 लाख मौतों में इन संक्रमणों की भूमिका रही। भारत में भी करीब 2.67 लाख लोगों की मृत्यु सीधे दवा प्रतिरोध के कारण हुई। उन्होंने कहा कि यह समस्या केवल आंकड़ों तक सीमित नहीं है,बल्कि अस्पतालों में चिकित्सकों को ऐसे मरीजों का सामना करना पड़ रहा है,जिन पर सामान्य एंटीबायोटिक दवाएं भी असर नहीं कर रही हैं। कई बार गंभीर मरीजों के उपचार के लिए उपलब्ध विकल्प भी सीमित हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि रोगाणुरोधी प्रतिरोध से निपटने के लिए वन हेल्थ यानी एक स्वास्थ्य दृष्टिकोण अपनाना बेहद जरूरी है। मानव स्वास्थ्य,पशु स्वास्थ्य और पर्यावरण एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। अस्पतालों में एंटीबायोटिक का अनुचित उपयोग,पशुओं एवं मुर्गियों को बिना आवश्यकता दवाएं देना तथा अस्पतालों,कृषि और औद्योगिक क्षेत्रों से निकलने वाले अपशिष्ट का जलस्रोतों एवं मिट्टी में पहुंचना इस समस्या को बढ़ाता है। इसलिए चिकित्सकों,पशु चिकित्सकों,फार्मासिस्टों,किसानों,पर्यावरण विशेषज्ञों और आम नागरिकों को मिलकर प्रयास करने होंगे। प्राचार्य ने चिकित्सकों से अपील की कि एंटीबायोटिक लिखने से पहले आवश्यक जांच एवं कल्चर परीक्षण को प्राथमिकता दें तथा मरीज को सही दवा,उचित खुराक और निर्धारित अवधि तक ही दवा लेने की सलाह दें। नर्सिंग कर्मियों को हाथों की स्वच्छता,सुरक्षित इंजेक्शन और संक्रमण नियंत्रण के उपायों को प्रभावी ढंग से अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने फार्मासिस्टों से बिना वैध चिकित्सकीय पर्चे के एंटीबायोटिक दवाएं उपलब्ध न कराने तथा मेडिकल विद्यार्थियों से दवाओं के विवेकपूर्ण उपयोग के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। उन्होंने आम नागरिकों से स्वयं एंटीबायोटिक दवाएं न लेने,सामान्य सर्दी-जुकाम में इनकी मांग न करने,चिकित्सकीय सलाह के अनुसार दवा लेने,बची हुई दवाएं दूसरों को न देने और समय पर टीकाकरण कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ पानी,बेहतर स्वच्छता और टीकाकरण के माध्यम से संक्रमणों को रोका जा सकता है और संक्रमण की रोकथाम ही रोगाणुरोधी प्रतिरोध से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है। कार्यक्रम में डॉ.विवेक द्विवेदी सहायक प्राध्यापक,औषध विज्ञान विभाग ने एंटीबायोटिक दवाओं के विवेकपूर्ण उपयोग एवं प्रबंधन पर व्याख्यान दिया। इसके बाद एचएनबी बेस चिकित्सालय श्रीनगर की वार्षिक एंटीबायोग्राम रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। कार्यक्रम के अंतर्गत रोगाणुरोधी प्रतिरोध-एक स्वास्थ्य दृष्टिकोण विषय पर परिचर्चा आयोजित की गई। इसका संचालन सूक्ष्मजीव विज्ञान विभाग की प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ.विनिता रावत ने किया। परिचर्चा में प्राचार्य डॉ.सीएमएस रावत,एचएनबी गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के वानिकी विभागाध्यक्ष डॉ.डी.एस.चौहान,वरिष्ठ पत्रकार डॉ.सुधीर भट्ट,औषध विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ.किंगशुक लाहोन,बाल रोग विभागाध्यक्ष डॉ.सी.एम.शर्मा,रोग अन्वेषण प्रयोगशाला श्रीनगर की पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ.ऋचा पचौरी तथा सामुदायिक चिकित्सा विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ.सुरेंद्र सिंह नेगी ने प्रतिभाग किया। इस दौरान संस्थान की ओर से रोगाणुरोधी प्रतिरोध की निगरानी,एंटीबायोटिक के उचित उपयोग,संक्रमण नियंत्रण और चिकित्सा विद्यार्थियों एवं आमजन में जागरूकता बढ़ाने की दिशा में सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया गया। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को स्मृति चिह्न एवं प्रमाण पत्र वितरित किए गए। सुश्री अंकिता थपलियाल ने धन्यवाद ज्ञापन किया।