श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय श्रीनगर में बुधवार को प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग विभाग की ओर से प्राकृतिक चिकित्सा दिवस उत्साह और जागरूकतापूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में प्राकृतिक चिकित्सा,योग,संतुलित आहार और नियमित दिनचर्या के माध्यम से स्वस्थ एवं निरोगी जीवन जीने के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम की इस वर्ष की थीम प्राकृतिक चिकित्सा,स्वस्थ भारत रही। इसके माध्यम से समाज में प्राकृतिक चिकित्सा पद्धति के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा लोगों को प्रकृति आधारित स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.श्रीप्रकाश सिंह के संरक्षण तथा शिक्षा संकाय की अधिष्ठाता प्रो.सुनीता गोडियाल के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम में चिकित्सा एवं प्राकृतिक स्वास्थ्य के क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों ने अपने विचार साझा करते हुए वर्तमान समय में प्राकृतिक चिकित्सा की उपयोगिता और प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ऋषिकेश के आयुष विभाग में योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा की चिकित्सा अधिकारी डॉ.श्वेता मिश्रा तथा राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सा महाविद्यालय ऋषिकेश से डॉ.मुदित थपलियाल उपस्थित रहे। दोनों विशेषज्ञों ने प्राकृतिक चिकित्सा के विभिन्न आयामों पर विस्तारपूर्वक जानकारी देते हुए बताया कि स्वस्थ जीवन केवल रोगों से मुक्त रहने तक सीमित नहीं है,बल्कि शारीरिक,मानसिक और भावनात्मक संतुलन बनाए रखना भी उतना ही आवश्यक है। विशेषज्ञों ने कहा कि वर्तमान समय में बदलती जीवनशैली,अनियमित खानपान,शारीरिक श्रम में कमी,तनाव और अव्यवस्थित दिनचर्या के कारण अनेक स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियां सामने आ रही हैं। ऐसे में योग,संतुलित एवं पौष्टिक आहार,पर्याप्त विश्राम,नियमित व्यायाम और प्रकृति के अनुकूल जीवनशैली को अपनाना अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्राकृतिक चिकित्सा व्यक्ति को अपने शरीर की आवश्यकताओं को समझने तथा स्वस्थ जीवन के प्रति जागरूक और अनुशासित बनने की प्रेरणा देती है। उन्होंने विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वास्थ्य संरक्षण के लिए दैनिक जीवन में छोटे-छोटे सकारात्मक बदलाव भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। नियमित योगाभ्यास,प्रातःकालीन भ्रमण,शुद्ध एवं संतुलित भोजन,पर्याप्त जल सेवन तथा मानसिक तनाव से बचने के उपायों को जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। साथ ही स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं में योग्य चिकित्सकों की सलाह और आवश्यकता के अनुसार उचित चिकित्सा को भी प्राथमिकता देनी चाहिए। इस अवसर पर प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग विभाग की विभागाध्यक्ष तथा कार्यक्रम संयोजक डॉ.अनुजा रावत ने प्राकृतिक चिकित्सा की उपयोगिता,उसके व्यापक स्वरूप और वर्तमान सामाजिक परिवेश में उसकी बढ़ती प्रासंगिकता पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग के प्रति जनसामान्य में जागरूकता विकसित करना समय की आवश्यकता हैं। विशेषकर युवा पीढ़ी को स्वस्थ आदतों के प्रति प्रेरित कर एक जागरूक और स्वस्थ समाज की नींव रखी जा सकती है। कार्यक्रम के सह-संयोजक डॉ.घनश्याम सिंह ठाकुर एवं डॉ.चिंताहरण बेताल रहे। वहीं आयोजन सचिव के रूप में डॉ.रजनी नौटियाल,डॉ.किरण वर्मा एवं डॉ.विनोद नौटियाल ने आयोजन की व्यवस्थाओं और सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं उपस्थित प्रतिभागियों ने प्राकृतिक चिकित्सा और योग से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त की। विशेषज्ञों के विचारों के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि प्रकृति के साथ सामंजस्य,अनुशासित दिनचर्या और सकारात्मक जीवनशैली अपनाकर स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता को जन-जन तक पहुंचाया जा सकता है। कार्यक्रम का मूल संदेश यही रहा कि स्वस्थ नागरिक ही सशक्त राष्ट्र की आधारशिला हैं। प्राकृतिक चिकित्सा,योग और संतुलित जीवनशैली को दैनिक व्यवहार में शामिल कर स्वस्थ भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में सार्थक कदम बढ़ाया जा सकता है।