श्रीनगर रोजगार मेले में युवाओं पर बरसी नौकरियों की सौगात-55 कंपनियों ने खोले रोजगार के द्वार

 

 

 

 

श्रीनगर गढ़वाल। गढ़वाल मंडल के तकनीकी शिक्षा प्राप्त युवाओं के लिए श्रीनगर में आयोजित वृहद रोजगार मेला रोजगार की नई उम्मीद लेकर आया। राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थान श्रीनगर में तकनीकी शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित इस रोजगार मेले में सैकड़ों युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त हुए। मेले में गढ़वाल मंडल के राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थानों से कुल 1,429 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया,जबकि देश की 55 प्रतिष्ठित कंपनियों ने युवाओं की योग्यता,तकनीकी दक्षता एवं कार्यकुशलता के आधार पर विभिन्न पदों के लिए चयन प्रक्रिया संपन्न की। प्रतिष्ठित कंपनियों से जॉब ऑफर मिलने पर युवाओं के चेहरों पर खुशी और आत्मविश्वास साफ नजर आया। रोजगार मेले में प्रदेश के तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने वर्चुअल माध्यम से प्रतिभाग करते हुए आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर रहे युवाओं को उनकी योग्यता,कौशल और क्षमता के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। तकनीकी शिक्षा विभाग रोजगार मेलों के माध्यम से युवाओं और औद्योगिक संस्थानों को एक साझा मंच प्रदान कर रहा है,जिससे युवाओं को प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार पाने का अवसर मिल रहा है। डॉ.रावत ने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को उद्योग जगत से सीधे जुड़ने,अपनी तकनीकी दक्षता प्रदर्शित करने और रोजगार की संभावनाओं को साकार करने का प्रभावी माध्यम हैं। उद्योगों की बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप युवाओं के कौशल विकास तथा उन्हें रोजगार से जोड़ने में रोजगार मेलों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इस अवसर पर निदेशक प्राविधिक शिक्षा देशराज ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा रोजगार मेले में उपलब्ध अवसरों का अधिकतम लाभ उठाएं और चयन प्रक्रिया में पूरे आत्मविश्वास के साथ प्रतिभाग करें। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी तकनीकी दक्षता,व्यावहारिक ज्ञान एवं कार्यकुशलता में निरंतर वृद्धि करने तथा औद्योगिक क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को तैयार करने का आह्वान किया। रोजगार मेले में देश की विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों के प्रतिनिधियों ने युवाओं से सीधे संवाद स्थापित किया। अभ्यर्थियों की शैक्षिक योग्यता,तकनीकी ज्ञान,व्यावहारिक अनुभव और कार्यक्षमता का आकलन करते हुए साक्षात्कार एवं चयन प्रक्रिया आयोजित की गई। एक ही परिसर में 55 कंपनियों की सहभागिता ने युवाओं को विभिन्न औद्योगिक एवं तकनीकी क्षेत्रों में रोजगार की संभावनाओं से रूबरू कराया। इससे छात्र-छात्राओं को न केवल नौकरी के अवसर मिले,बल्कि उद्योग जगत की अपेक्षाओं और कार्यप्रणाली को समझने का भी अवसर प्राप्त हुआ। रोजगार मेले के प्रभारी उप निदेशक एस.के.वर्मा एवं राजकीय पॉलिटेक्निक श्रीनगर के प्रधानाचार्य सचिन कुमार शर्मा ने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों,प्रतिभागी कंपनियों के प्रतिनिधियों तथा आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन अनिल शाह ने किया। इस अवसर पर बीकेटीसी अध्यक्ष विजय कपरवान,भाजपा पौड़ी जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत,भाजपा श्रीनगर मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल,निदेशक प्राविधिक शिक्षा देशराज,परीक्षा नियंत्रक डॉ.मुकेश पांडेय,सचिव प्राविधिक शिक्षा डॉ.राजेश उपाध्याय,उप निदेशक एम.के.कन्याल,विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में प्रतिभागी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। श्रीनगर में आयोजित इस रोजगार मेले ने एक बार फिर साबित किया कि तकनीकी शिक्षा,कौशल और उद्योग जगत के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खोले जा सकते हैं।