पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था,उत्तराखंड डॉ.वी.मुरुगेशन ने थाना पैठाणी का निरीक्षण कर पुलिस की कार्यप्रणाली,प्रशासनिक व्यवस्थाओं और कानून व्यवस्था से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं की गहन समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने थाने की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लेते हुए अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव,लंबित मामलों के समयबद्ध निस्तारण और आमजन की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डॉ.मुरुगेशन ने थाना परिसर,कर्मचारी बैरक,भोजनालय,महिला सहायता कक्ष एवं हवालात सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। इसके साथ ही थाना मालखाना, मुकदमों से संबंधित जब्त संपत्ति,शस्त्र एवं कारतूस तथा प्रथम सूचना रिपोर्ट और विवेचना से संबंधित पंजिकाओं का गहनता से परीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी अभिलेखों का उचित रखरखाव करने तथा पुलिस कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने के निर्देश दिए। महिला सुरक्षा और जनशिकायतों के निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता समीक्षा के दौरान डॉ.मुरुगेशन ने लंबित विवेचनाओं,जनशिकायतों,न्यायालय से प्राप्त समन एवं गिरफ्तारी वारंटों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी मामलों का निस्तारण निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया जाए,ताकि आमजन को न्याय के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। उन्होंने विशेष रूप से महिला संबंधी मामलों में संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ कार्रवाई करने पर जोर देते हुए महिला सहायता कक्ष को प्रभावी एवं सक्रिय बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाए और उनकी समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से उन्होंने संदिग्ध व्यक्तियों पर सतर्क निगरानी रखने,बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन अभियान तेज करने तथा नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही नशे के दुष्प्रभावों को लेकर आमजन,युवाओं और स्थानीय नागरिकों के बीच व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर भी विशेष बल दिया। निरीक्षण के उपरांत अपर पुलिस महानिदेशक डॉ.मुरुगेशन ने थाना पैठाणी के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी से व्यक्तिगत एवं विभागीय समस्याओं की जानकारी प्राप्त की तथा उनकी बातों को गंभीरता से सुना। उन्होंने पुलिस कर्मियों को पूर्ण कर्तव्यनिष्ठा,अनुशासन और समर्पण की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही कहा कि पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना,उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनना और उनका त्वरित एवं प्रभावी समाधान करना है। उन्होंने सभी पुलिस कर्मियों को जनसेवा की भावना के साथ कार्य करते हुए पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय एवं विश्वास बनाए रखने के निर्देश दिए। अपर पुलिस महानिदेशक का यह निरीक्षण थाना स्तर पर पुलिस व्यवस्थाओं की कार्यकुशलता,जवाबदेही,महिला सुरक्षा,अपराध नियंत्रण और जनसमस्याओं के प्रभावी निस्तारण की दिशा में महत्वपूर्ण समीक्षा के रूप में देखा जा रहा है।