कर्मचारियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान और उपभोक्ताओं को त्वरित सेवा देना प्राथमिकता–राजीव चक्रवर्ती

 

 

 

श्रीनगर गढ़वाल। विद्युत वितरण खंड श्रीनगर में नवनियुक्त अधिशासी अभियंता राजीव चक्रवर्ती से बुधवार को उत्तराखंड ऊर्जा कामगार संगठन,श्रीनगर के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट कर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए विद्युत विभाग से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर सौहार्दपूर्ण वातावरण में विस्तृत चर्चा की। शिष्टाचार भेंट के दौरान संगठन के प्रतिनिधियों ने कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं,विभागीय कार्यप्रणाली,कार्यस्थल पर आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों तथा कार्मिकों से जुड़े विषयों को अधिशासी अभियंता के सम्मुख रखा। इस पर नवनियुक्त अधिशासी अभियंता राजीव चक्रवर्ती ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए संगठन को आश्वस्त किया कि कर्मचारियों की समस्याओं का समयबद्ध एवं नियमानुसार उचित निराकरण उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की जायज समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। वहीं अधिशासी अभियंता ने विभागीय कार्यों को और अधिक प्रभावी,पारदर्शी एवं जनहितकारी बनाने के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आपसी समन्वय और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने शत-प्रतिशत राजस्व वसूली सुनिश्चित करने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि विद्युत विभाग की आर्थिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए राजस्व संग्रहण अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके लिए सभी कार्मिकों को समर्पण और सक्रियता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना होगा। उन्होंने विद्युत उपभोक्ताओं की समस्याओं को भी प्राथमिकता के आधार पर सुनने और उनका त्वरित एवं उचित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कहा कि उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं बेहतर विद्युत सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उपभोक्ताओं के साथ बेहतर व्यवहार,शिकायतों का समय पर समाधान तथा विभागीय कार्यों में जवाबदेही सुनिश्चित करने से ही आम जनता का विभाग के प्रति विश्वास और मजबूत होगा। संगठन के प्रतिनिधियों ने अधिशासी अभियंता के सकारात्मक दृष्टिकोण एवं सहयोगात्मक आश्वासन का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के साथ ही विद्युत वितरण व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में सार्थक पहल होगी। इस अवसर पर उत्तराखंड ऊर्जा कामगार संगठन श्रीनगर मंडल के संरक्षक एम.पी.लखेड़ा,उपेंद्र गोनियाल,मयंक नौटियाल,लक्ष्मी बिष्ट,पूजा महर सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।