डीपीएस रुद्रपुर में इंटर-हाउस फुटसल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन

 

मिनर्वा अकादमी के संस्थापक एवं भारतीय फुटबॉल जगत के प्रेरणास्रोत श्री रणजीत बजाज ने विद्यार्थियों को खेल भावना, अनुशासन एवं उत्कृष्टता के मार्ग पर आगे बढ़ने के लिए किया प्रेरित।

रुद्रपुर। खेलों को शिक्षा का अभिन्न अंग मानते हुए दिल्ली पब्लिक स्कूल, रुद्रपुर में 30 अक्टूबर 2026 को इंटर-हाउस फुटसल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में श्री रणजीत बजाज जी उपस्थित रहे, जो मोहाली, पंजाब स्थित प्रतिष्ठित मिनर्वा अकादमी फुटबॉल क्लब के संस्थापक एवं मालिक हैं।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री रणजीत बजाज जी के गरिमामय स्वागत के साथ हुआ। विद्यालय के माननीय चेयरमैन श्री सुरजीत सिंह ग्रोवर जी एवं वाइस चेयरमैन श्री हरमन सिंह ग्रोवर जी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया। इसके पश्चात बैज पिनिंग समारोह एवं पौधा भेंट कर मुख्य अतिथि का सम्मान एवं अभिनंदन किया गया।

अपने प्रेरणादायक संबोधन में श्री रणजीत बजाज जी ने विद्यार्थियों को खेलों में अनुशासन, निरंतर अभ्यास, समर्पण एवं दृढ़ संकल्प के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने अपने विचार साझा करते हुए कहा कि “अनुशासन सबसे बेहतर तब होता है, जब आप स्वयं अनुशासित रहना चाहते हैं।” उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में लक्ष्य निर्धारित करने, चुनौतियों का सामना करने तथा खेल भावना के साथ निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने दिल्ली पब्लिक स्कूल, रुद्रपुर में उपलब्ध उत्कृष्ट खेल सुविधाओं एवं खेलों के प्रति विद्यालय की प्रतिबद्धता की विशेष सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए उचित मंच, बेहतर प्रशिक्षण एवं अनुकूल वातावरण प्रदान करना अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस संदर्भ में विद्यालय द्वारा खेलों एवं शारीरिक विकास को दी जा रही प्राथमिकता सराहनीय है। उन्होंने विद्यार्थियों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और उन्हें खेलों में नई ऊँचाइयाँ हासिल करने के लिए प्रेरित किया।

डीपीएस रुद्रपुर सदैव शिक्षा के साथ-साथ खेल, कौशल विकास एवं सर्वांगीण व्यक्तित्व निर्माण को समान महत्व देता आया है। विद्यालय में उपलब्ध आधुनिक खेल सुविधाएँ, विभिन्न खेल अकादमियाँ तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विद्यार्थियों की भागीदारी इसी प्रतिबद्धता का प्रमाण हैं। विद्यालय का उद्देश्य केवल उत्कृष्ट खिलाड़ी तैयार करना ही नहीं, बल्कि ऐसे आत्मविश्वासी, अनुशासित एवं नेतृत्व क्षमता से परिपूर्ण नागरिकों का निर्माण करना है, जो जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में अपनी पहचान स्थापित कर सकें।

कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के माननीय चेयरमैन श्री सुरजीत सिंह ग्रोवर जी ने श्री रणजीत बजाज जी के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ अपने बहुमूल्य अनुभव साझा करने, उनका मार्गदर्शन करने तथा विद्यालय के खेल प्रयासों की सराहना करने के लिए उनका धन्यवाद किया।

यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए खेलों के वास्तविक मूल्यों—अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व, दृढ़ता एवं खेल भावना—को समझने का एक प्रेरणादायक अवसर सिद्ध हुआ। डीपीएस रुद्रपुर भविष्य में भी विद्यार्थियों की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए तैयार करने हेतु निरंतर प्रयासरत रहेगा।