सितारगंज कस्तूरबा गांधी विद्यालय में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन, बच्चों को साइबर क्राइम और पॉक्सो एक्ट की दी जानकारी

 

 

 

 

 

 

सितारगंज। कस्तूरबा गांधी विद्यालय सितारगंज में विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सिविल जज नंदिता काला ने छात्राओं को सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल, साइबर अपराध और पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न कानूनी विषयों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी। इस दौरान बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए किसी भी प्रकार के अपराध या गलत व्यवहार की स्थिति में आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया गया।कार्यक्रम में उपस्थित कोतवाली सितारगंज के प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चे सुरक्षित हैं, तभी उनका भविष्य सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल दौर में बच्चों को सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते समय विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है। अनजान लोगों से ऑनलाइन बातचीत करना, अपनी निजी जानकारी साझा करना या किसी अनजान लिंक पर क्लिक करना साइबर अपराध का कारण बन सकता है प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा ने बच्चों को समझाया कि यदि उनके साथ किसी भी प्रकार की ऑनलाइन धोखाधड़ी होती है, कोई व्यक्ति उन्हें परेशान करता है या उनके साथ गलत व्यवहार करता है, तो वे डरें नहीं और न ही किसी बात को छिपाएं। ऐसी स्थिति में तुरंत अपने शिक्षक, अभिभावक या नजदीकी पुलिस थाने को इसकी जानकारी दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा केवल पुलिस या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज, शिक्षकों और अभिभावकों की भी सामूहिक जिम्मेदारी है। बच्चों को जागरूक बनाकर ही उन्हें सुरक्षित वातावरण प्रदान किया जा सकता है, जिससे वे बिना किसी भय के अपनी पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित कर सकें और जीवन में सफलता हासिल कर सकें।वहीं, विद्यालय की प्रधानाचार्य ने भी छात्राओं को संबोधित करते हुए सोशल मीडिया के दुरुपयोग, साइबर अपराध और पॉक्सो एक्ट के बारे में जागरूक किया। उन्होंने बच्चों को किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अनुचित व्यवहार की जानकारी बिना झिझक अपने शिक्षकों और अभिभावकों को देने के लिए प्रेरित किया।शिविर का मुख्य उद्देश्य बच्चों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना, साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताना और उन्हें सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। इस मौके पर निर्मल गहतोड़ी रूपा जाटव नीतू मंगल सिंह मुकेश कुमार विनीता धामी मगेश्वरी देवी दिव्या राणा मोनिका पांडे बृजेश राणा कविता राणा रिया प्रीति कोटियाल प्रिंसिपल ललिता कोहली नाज आदि उपस्थित रहे