_पंतनगर, 24 अक्टूबर 2026।_ गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर के सिविल इंजीनियरिंग विभाग के प्राध्यापक एवं निदेशक, अंतरराष्ट्रीय मामले डा. एच.जे. शिवा प्रसाद के निधन पर विश्वविद्यालय के गांधी हॉल में कुलपति डा. एस.के. कश्यप की अध्यक्षता में शोक सभा आयोजित की गई। डा. शिवा प्रसाद का 17 अक्टूबर 2026 को 64 वर्ष की आयु में हृदयाघात से निधन हो गया था। उनके आकस्मिक निधन से विश्वविद्यालय परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। डा. शिवा प्रसाद ने शिक्षण एवं अनुसंधान के क्षेत्र में 35 वर्षों से अधिक समय तक अपनी सेवाएं प्रदान कीं। उन्होंने वर्ष 2003 में विश्वविद्यालय में सह प्राध्यापक के रूप में कार्यभार ग्रहण किया था। जल विज्ञान एवं जल संसाधन अभियांत्रिकी के क्षेत्र में उनका उल्लेखनीय योगदान रहा। पिछले चार वर्षों से निदेशक, अंतरराष्ट्रीय मामले का दायित्व संभालते हुए उन्होंने विश्वविद्यालय के अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक एवं अनुसंधान संबंधों को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके प्रयासों से विदेशी शिक्षण संस्थानों के साथ सहयोग बढ़ाने तथा अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण एवं इंटर्नशिप कार्यक्रमों को प्रोत्साहन मिला। हाल ही में फ्रांस के विद्यार्थियों के विश्वविद्यालय आगमन और अंतरराष्ट्रीय इंटर्नशिप कार्यक्रम के संचालन में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनकी पत्नी डा. ज्योति प्रसाद विश्वविद्यालय के सिविल इंजीनियरिंग विभाग में प्राध्यापक हैं।
शोक सभा में कुलपति डा. एस. के. कश्यप सहित उपस्थित कुलसचिव, निदेशक प्रशासन एवं अनुश्रवण, समस्त अधिष्ठाता, निदेशक एवं अन्य अधिकारीगण एवं कर्मचारियों ने दिवंगत डा. एच.जे. शिवा प्रसाद को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उपस्थित जनों ने दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोक संतप्त परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।