मसूरी में सुनील रावत मेमोरियल फुटबॉल प्रतियोगिता शुरू, पहले दिन किक्स अकादमी और कासा का दमदार प्रदर्शन

 

तीन दिवसीय डे-नाइट टूर्नामेंट में अंडर-16, 40 प्लस और ओपन वर्ग की टीमें ले रही हैं हिस्सा, कई मुकाबलों में पेनाल्टी शूटआउट से निकला परिणाम’’

 

मसूरी। फुटबॉल के रोमांच और खिलाड़ियों के दमदार प्रदर्शन के बीच सातवीं स्वर्गीय सुनील रावत मेमोरियल सेवन-ए-साइड तीन दिवसीय डे-नाइट फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ पूर्व मेयर सुनील उनियाल गामा ने किया। प्रतियोगिता में उत्तराखंड के साथ चंडीगढ़, दिल्ली और अन्य राज्यों की टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। टूर्नामेंट को तीन वर्गोंकृअंडर-16, 40 प्लस और ओपनकृमें आयोजित किया जा रहा है। प्रतियोगिता के पहले दिन जूनियर वर्ग के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल दिखाया। कई मैचों में टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला, जबकि पेनाल्टी शूटआउट ने मुकाबलों का रोमांच बढ़ा दिया। पहले मुकाबले में किक्स अकादमी ने मैनचेस्टर सिटी को 2-0 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। दूसरे मुकाबले में किक्स अकादमी और संबोटा स्कूल के बीच कड़ी टक्कर हुई। निर्धारित खेल के बाद पेनाल्टी शूटआउट में किक्स अकादमी ने 4-3 से जीत दर्ज की। तीसरे मुकाबले में कासा अकादमी ने मिनरवा एफसी ए को 3-0 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई। चौथे मैच में शिवा की टीम ने भट्टा को 2-0 से शिकस्त दी।पांचवें मुकाबले में मिनरवा एफसी बी और संपतास के बीच मुकाबला हुआ। पेनाल्टी शूटआउट में संपतास ने 3-2 से जीत हासिल कर अगले दौर में प्रवेश किया। तीन दिन तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में अंडर-16 वर्ग के युवा खिलाड़ियों के साथ 40 प्लस और ओपन वर्ग की टीमें भी मैदान पर उतरेंगी। अलग-अलग आयु वर्गों की भागीदारी से प्रतियोगिता में अनुभवी खिलाड़ियों और युवा प्रतिभाओं को अपनी खेल क्षमता दिखाने का अवसर मिलेगा। स्वर्गीय सुनील रावत की स्मृति में आयोजित यह प्रतियोगिता फुटबॉल को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक मंच उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। विभिन्न राज्यों की टीमों की भागीदारी से मुकाबलों में प्रतिस्पर्धा और रोमांच बढ़ने की उम्मीद है।