सितारगंज: शिक्षा एवं वैदिक ज्योतिष के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए एसएम पब्लिक स्कूल, सितारगंज के हिंदी प्रवक्ता सुरेश चंद्र जोशी को महर्षि सत्य सनातन हिंदी विद्यापीठ, वाराणसी की ओर से ‘विद्या वाचस्पति (पीएचडी समतुल्य)’ मानद सम्मान से सम्मानित किया गया है। इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। विद्यापीठ की ओर से जारी प्रमाण-पत्र के अनुसार, अकादमिक परिषद की अनुशंसा पर जोशी को यह सम्मान प्रदान किया गया। जोशी वर्तमान में एसएम पब्लिक स्कूल में हिंदी प्रवक्ता के पद पर कार्यरत हैं। शिक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों तथा शिक्षा एवं वैदिक ज्योतिष के क्षेत्र में उनके योगदान को इस सम्मान से जोड़ा गया है। उनकी इस उपलब्धि को विद्यालय परिवार ने गौरवपूर्ण बताते हुए कहा कि शिक्षकों की ऐसी उपलब्धियां न केवल संस्थान की प्रतिष्ठा बढ़ाती हैं, बल्कि अन्य शिक्षकों को भी अपने दायित्वों का निर्वहन निष्ठा और समर्पण के साथ करने की प्रेरणा देती हैं। सम्मान की जानकारी मिलने पर विद्यालय प्रबंधक भुवन चंद्र भट्ट, उपप्रबंधक हिमांशु खर्कवाल, प्रधानाचार्य डॉ. मनिंदर सिंह गुलाटी एवं उपप्रधानाचार्य तेज सिंह जीना ने सुरेश चंद्र जोशी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज में ज्ञान, संस्कार और सकारात्मक सोच के प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा उनकी उपलब्धियां पूरे शैक्षणिक जगत के लिए प्रेरणास्रोत बनती हैं। विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों ने भी जोशी को शुभकामनाएं देते हुए इसे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का क्षण बताया।