किच्छा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर अजय गणपति के निर्देश पर जनपद में साइबर अपराधों की रोकथाम और आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार को कोतवाली किच्छा पुलिस ने साइबर जागरूकता अभियान चलाया।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने विभिन्न स्थानों पर लोगों को साइबर अपराध के नए तरीकों की जानकारी दी और उनसे बचाव के उपाय बताए। पुलिस ने फर्जी फोन कॉल, ओटीपी, एटीएम, यूपीआई और बैंकिंग धोखाधड़ी के संबंध में जागरूक करते हुए किसी भी व्यक्ति के साथ बैंक खाते, ओटीपी, सीवीवी, यूपीआई पिन या अन्य गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने की सलाह दी।
पुलिस ने लोगों को इंटरनेट पर किसी भी अनजान या संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने, सोशल मीडिया पर व्यक्तिगत एवं गोपनीय जानकारी साझा करने से बचने तथा ऑनलाइन लेनदेन के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की।
पुलिस ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो जाता है तो वह बिना विलंब राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करे तथा साइबर क्राइम पोर्टल cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराए। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को देने की भी अपील की गई।
कोतवाली किच्छा पुलिस ने आमजन से सतर्क रहने और साइबर अपराधियों के झांसे में न आने का आह्वान किया।








