स्वास्थ्य केंद्रों की हकीकत देख भड़का प्रशासन,औचक निरीक्षण में कई कर्मचारी ड्यूटी से गायब


पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद पौड़ी में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति उस समय उजागर हो गई जब जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया के निर्देश पर उप जिलाधिकारी सतपुली रेखा आर्य ने क्षेत्र के विभिन्न प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सक एवं कर्मचारी ड्यूटी से नदारद मिले,जबकि बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली बंद पाए जाने और साफ-सफाई की बदहाल स्थिति पर एसडीएम ने कड़ी नाराजगी जताई। दरअसल पूर्व में जिलाधिकारी द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतपुली का निरीक्षण किया गया था,जिसमें स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर कई खामियां सामने आई थीं। इसके बाद जिलाधिकारी ने एसडीएम सतपुली को क्षेत्र के स्वास्थ्य केंद्रों का विस्तृत निरीक्षण करने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में शनिवार को एसडीएम रेखा आर्य ने विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की हकीकत परखी। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रीठाखाल में निरीक्षण के दौरान तैनात तीन कर्मचारियों में केवल फार्मासिस्ट सुधीर ही मौजूद पाए गए,जबकि प्रभारी चिकित्सा अधिकारी 11 मई से लगातार अनुपस्थित बताए गए। एएनएम भी ड्यूटी पर मौजूद नहीं मिलीं। निरीक्षण के समय ओपीडी में मात्र तीन मरीज दर्ज पाए गए,जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े हो गए। वहीं पीएचसी संगलाकोटी में चार कर्मचारियों में से केवल वार्ड बॉय और एएनएम ही उपस्थित मिले। प्रभारी चिकित्सक 10 मई से अनुपस्थित बताए गए,जबकि फार्मासिस्ट भी मौके पर नहीं मिले। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र में पेयजल आपूर्ति बाधित पाई गई,जिस पर एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। पीएचसी पोखड़ा के निरीक्षण में भी एक चिकित्सक सहित आरबीएसके टीम के सभी सदस्य अनुपस्थित पाए गए। जब संबंधित कर्मचारियों से क्षेत्र भ्रमण रजिस्टर प्रस्तुत करने को कहा गया तो कोई भी अभिलेख उपलब्ध नहीं कराया जा सका। इससे निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक व्यवस्था और निगरानी तंत्र की गंभीर लापरवाही सामने आई। रीठाखाल स्थित आयुष विंग में भी हालात संतोषजनक नहीं मिले। यहां तैनात दोनों कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी और फार्मासिस्ट मौके पर मौजूद नहीं थे। निरीक्षण के दौरान बायोमेट्रिक मशीन भी बंद पाई गई,जिस पर एसडीएम ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि अधिकांश स्वास्थ्य केंद्रों में बायोमेट्रिक मशीनें निष्क्रिय पड़ी हैं और कर्मचारियों की उपस्थिति मोबाइल ऐप के माध्यम से दर्ज की जा रही है। इसके अलावा स्वास्थ्य केंद्र परिसरों के आसपास झाड़ियों का कटान नहीं होने तथा साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था न होने पर भी एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई। उप जिलाधिकारी रेखा आर्य ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति इस प्रकार की लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि निरीक्षण आख्या जिलाधिकारी एवं मुख्य चिकित्साधिकारी को भेजी जाएगी,ताकि अनुपस्थित कर्मचारियों एवं जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। एसडीएम की इस कार्रवाई के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।