सितारगंज में एम.कॉम. की मांग ने पकड़ा जोर, छात्रों के भविष्य को लेकर उठी बड़ी आवाज—पूर्व छात्र नेता ने सौंपा ज्ञापन।

राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय सितारगंज में एम. कॉम.(स्नातकोत्तर वाणिज्य) पाठ्यक्रम शुरू कराने की मांग अब जोर पकड़ने लगी है। क्षेत्र के छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए पूर्व छात्र संघ कोषाध्यक्ष तुषार शर्मा ने प्राचार्य को एक महत्वपूर्ण ज्ञापन सौंपा, जिसमें महाविद्यालय में वाणिज्य संकाय के बढ़ते रुझान और छात्रों की बढ़ती संख्या का उल्लेख किया गया। उन्होंने बताया कि वर्तमान में एम.कॉम. की सुविधा उपलब्ध न होने के कारण छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख करना पड़ता है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर एवं ग्रामीण पृष्ठभूमि के छात्र-छात्राएं सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं और कई बार मजबूरी में अपनी पढ़ाई अधूरी छोड़ने को विवश हो जाते हैं। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि यदि महाविद्यालय में M.Com पाठ्यक्रम शुरू होता है तो न केवल स्थानीय छात्रों को अपने ही क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा मिलेगी, बल्कि पूरे क्षेत्र के शैक्षिक स्तर में भी उल्लेखनीय सुधार होगा। तुषार शर्मा ने महाविद्यालय प्रशासन से मांग की है कि इस संबंध में शीघ्र आवश्यक प्रस्ताव विश्वविद्यालय को भेजा जाए और सकारात्मक कार्यवाही करते हुए छात्रों के भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएं। इस मांग को लेकर छात्र-छात्राओं और अभिभावकों में भी खासा उत्साह देखा जा रहा है, जिससे यह मुद्दा अब क्षेत्र में चर्चा का विषय बनता जा रहा है।