रूद्रपुर । निकटवर्ती ग्राम मुडिया खानपुर में आयोजित अखण्ड महानाम संकीर्तन महोत्सव में भक्ति की बयार बही। इस धार्मिक अनुष्ठान में पूर्व विधायक एवं कांग्रेस नेता राजकुमार ठुकराल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम में पहुँची विभिन्न कीर्तन मंडलियों ने अपने भावपूर्ण और मधुर भजनों से उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर मंदिर समिति और ग्रामीणों द्वारा राजकुमार ठुकराल का भव्य स्वागत किया गया और उन्हें स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए राजकुमार ठुकराल ने कहा कि कलयुग में नाम संकीर्तन ही ईश्वर प्राप्ति और आत्मिक शांति का सबसे सुलभ मार्ग है। महानाम संकीर्तन जैसे आयोजन न केवल हमारे भीतर आध्यात्मिक चेतना जागृत करते हैं, बल्कि समाज में आपसी प्रेम और सद्भाव को भी बढ़ावा देते हैं। उन्होंने मुडिया खानपुर के ग्रामीणों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से क्षेत्र में सुख-शांति और सकारात्मक वातावरण का निर्माण होता है। ठुकराल ने भगवान के चरणों में मत्था टेककर क्षेत्र की उन्नति और सभी के उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। इस अवसर पर दर्जा राज्य मंत्री उत्तम दत्ता और जिला पंचायत सदस्य सुखदेव हाल्दार ने भी अपने विचार रखे और धार्मिक परंपराओं के संरक्षण पर बल दिया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से ग्राम प्रधान सुमंगल राय, हरे कृष्ण दास, विजय सिकदार, दीपक गाइन, विद्युत सिकदार, गोपाल, श्यामली ढाली, सत्यजीत, आनंद मण्डल, अजीत मण्डल, बाबू पाण्डे, प्रभाष वसु, तपन सिकदार सहित भारी संख्या में क्षेत्रीय जनता और श्रद्धालु मौजूद रहे।