गैंगरेप पीड़िता ने आरोपी पर धमकाने और पुलिस से साठगांठ का लगाया आरोप।
गैंगरेप की पीड़ित एक महिला ने मुख्य आरोपी पर फोन कर धमकाने और पुलिस से साठगांठ करने का गंभीर आरोप लगाया है। महिला ने आरोपी की कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग भी मीडिया को सौंपी है। पीड़िता, जो यूपी के मुजफ्फरनगर जनपद के शाहपुर कस्बे की रहने वाली बताई जा रही है, ने मंगलौर थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि 28 फरवरी को लंढौरा निवासी नौशाद उसे बहाने से एक कमरे में ले गया और नशीला पदार्थ दे दिया। नशे की हालत में आरोपी ने अपने चार साथियों को भी बुला लिया और सभी ने मिलकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोप है कि इस दौरान उसकी अश्लील वीडियो भी बनाई गई। महिला का कहना है कि 5 मार्च को नौशाद ने उसे फोन कर धमकाया और कहा कि वह जो चाहे कर ले, उसका कुछ नहीं होगा क्योंकि उसने मंगलौर थाने में एक लाख रुपये देकर पुलिस से सेटिंग कर ली है। पीड़िता के अनुसार इस बातचीत की रिकॉर्डिंग उसके मोबाइल में मौजूद है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। पीड़िता ने चेतावनी दी है कि यदि उसे न्याय नहीं मिला तो वह आत्महत्या करने को मजबूर होगी।








