मसूरी में शिक्षा को बढ़ावा देने और होनहार विद्यार्थियों की आर्थिक सहायता के उद्देश्य से रोटरी क्लब मसूरी ने मगंलवार को एक विशेष समारोह में 100 छात्र-छात्राओं को कुल चार लाख रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की। मसूरी महात्मा योगेश्वर सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कालेज सभागार में आयोजित रोटरी छात्रवृत्ति समारोह में आर्ष कन्या गुरूकुल देहरादून सहित मसूरी के 11 विद्यालयों के सौ छात्र छात्राओं को चार लाख रूपये छात्रवृत्ति प्रदान की व हिंदी माध्यम से हाई स्कूल व इंटर में मसूरी टॉप करने वाले चार छात्र छात्राओं को प्रशस्ति पत्र व प्रतिछात्र ग्यारह ग्यारह हजार रूपये के चैक देकर सम्मानित किया। मुख्य अतिथि रोटरी मंडलाध्यक्ष राजपाल सिंह ने कहा कि मसूरी रोटरी ने अपने महत्वपूर्ण सेवा कार्यों विशेषकर छात्रवृत्ति कार्यक्रम से पूरे मंडल में अलग पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि हर बच्चा पढ़ने का अधिकार रखता है, लेकिन कई बार आर्थिक कठिनाइयाँ उनकी राह में रुकावट बन जाती हैं। रोटरी क्लब का प्रयास है कि ऐसे बच्चों की मदद की जाए, ताकि वे अपने सपनों को साकार कर सकें। मसूरी रोटरी अध्यक्ष संजय जैन ने कहा कि इस छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन मेधावी विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित करना है, जिससे वे बिना किसी वित्तीय चिंता के शिक्षा प्राप्त कर सकें। प्रत्येक छात्र को राशि प्रदान की गई है, जिसे वे स्कूल फीस, स्टेशनरी, यूनिफॉर्म, किताबें आदि आवश्यकताओं पर खर्च कर सकेंगे। अभिभावकों ने भी रोटरी क्लब की इस पहल को सकारात्मक और प्रेरणादायक बताया। कार्यक्रम में शामिल स्कूलों के प्रधानाचार्यों और शिक्षकों ने कहा कि छात्रवृत्ति सिर्फ आर्थिक मदद नहीं, बल्कि बच्चों के लिए एक उत्साह और भरोसे का प्रतीक है। इससे विद्यार्थियों में पढ़ाई के प्रति रूचि और आत्मविश्वास दोनों बढ़ता है। मसूरी भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने कहा कि रोटरी क्लब मसूरी द्वारा आयोजित यह छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम न सिर्फ शिक्षा को प्रोत्साहन देने वाला एक सकारात्मक कदम है, बल्कि यह समाज को यह संदेश भी देता है कि सामूहिक प्रयासों से बदलाव संभव है। जब समाज के सक्षम वर्ग आगे बढ़कर ऐसे प्रयास करें, तो हर बच्चा अपनी मंज़िल तक पहुँच सकता है। इस मौके पर शैलेंद्र कर्णवाल नरेंद्र साहनी, डीके जैन, अश्विनी मित्तल, विपुल मित्तल, आलोक मेहरोत्रा, मनोरंजन त्रिपाठी, सुविज्ञ सब्बरवाल, संदीप साहनी, विनेष संघल, रेनू जैन, इनरव्हील अध्यक्ष रीता जैन, रश्मि कर्णवाल, मनमोहन कर्णवाल, हर्षदा वोहरा सहित बड़ी संख्या में छात्र छात्राएं मौजूद रहे।
Leave a Reply