श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर शहर भर में आवारा घूम रहे घोड़े और खच्चरों को लेकर नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है। मेयर आरती भण्डारी ने जानकारी दी कि कई नागरिकों ने शिकायत की थी कि घोड़े-खच्चर सड़कों पर खुलेआम घूमते हैं,जिससे यातायात में बाधा उत्पन्न होती है और दुर्घटना का खतरा बना रहता है। मेयर ने बताया कि यह जानकारी भी मिली है कि कई मालिक घोड़ों और खच्चरों से काम करवाने के बाद उन्हें सड़कों पर छोड़ देते हैं। ऐसे में नगर निगम ने यह निर्णय लिया है कि सभी पशु मालिकों को दो दिन का समय दिया जा रहा है। यदि निर्धारित समय के भीतर इन पशुओं को उनके ठिकानों पर नहीं रखा गया और वे आवारा घूमते पाए गए,तो निगम उन्हें जब्त कर लेगा। जब्त किए गए घोड़े-खच्चरों की बाद में नीलामी की जाएगी। साथ ही यदि किसी पशु का मालिक चिन्हित किया जाता है,तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और जुर्माना भी लगाया जाएगा। नगर निगम ने नागरिकों से सहयोग की अपील की है ताकि शहर की व्यवस्था बनी रहे और सड़क दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
Leave a Reply